फ़्रांस में व्यापक हिंसा के बाद पेरिस के कुछ इलाक़ों समेत कई शहरों में कर्फ़्यू लगा
फ़्रांस में बीते कुछ दिनों के दौरान हुए दंगों और लूटपाट के बाद अधिकारियों ने पेरिस के कुछ हिस्सों समेत कई शहरों में रात के समय कर्फ़्यू लगा दिया है।
पेरिस पुलिस के मुताबिक़, प्लास द ला रिपब्लिक और ले आल शॉपिंग एरिया में स्थानीय समय के अनुसार रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ़्यू लागू रहेगा। बीते कुछ दिनों के दौरान इन इलाक़ों में प्रदर्शनकारी जुटे थे।
शहर के केंद्र के कई अन्य हिस्सों में बिना अनुमति के सभाओं पर भी रोक लगा दी गई है।
दक्षिणी फ़्रांस के मार्सेई, बोर्डो, नीस और लियोन के साथ-साथ उत्तरी शहर लील और अन्य कस्बों में भी आंशिक कर्फ़्यू लगाने की घोषणा की गई है। इन पाबंदियों के तहत कुछ जगहों पर युवाओं की आवाजाही और लोगों के जुटने पर रोक लगाई गई है।
इससे पहले, गृह मंत्री लॉरां नुनेज ने माना कि कुछ शहरों में पुलिस ने हालात पर से नियंत्रण खो दिया था। कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर विपक्षी नेताओं ने उनकी कड़ी आलोचना की थी।
पिछले महीने बेहतर स्कूल सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन शुरू किया था। बाद में इन प्रदर्शनों में महंगाई समेत कई अन्य मुद्दे भी शामिल हो गए। बीते दिनों ट्रेड यूनियनों और विभिन्न प्रदर्शनकारी समूहों के शामिल होने से प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ गई।
अधिकारियों के मुताबिक़, अब तक 2,500 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है। समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, प्रदर्शन को काबू करने के दौरान क़रीब एक हज़ार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
सोमवार को जारी संकट पर हुई बैठक के बाद देश के प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय मेयरों को जरूरत के मुताबिक़ कर्फ़्यू लगाने का अधिकार दिया जा रहा है।
RELATED NEWS
रूसी विदेश मंत्री ने कहा, रूस ईरान का साथ नहीं छोड़ेगा
स्पेन के प्रधानमंत्री ने अचानक आम चुनाव कराने का ऐलान किया
ब्रिटेन के एयरबेस से अमेरिका ने सभी बॉम्बर विमान हटाए
भारत ने पाकिस्तान हाई कमीशन के कार्यवाहक राजदूत को तलब किया
हूती का सऊदी अरब में अरामको के तेल ठिकानों पर हमले का दावा
मदीना पर हमले के दावे के बाद, पाकिस्तान और क़तर ने निंदा की
डीज़ल की कमी के बीच ट्रंप ने निर्यात रोकने के संकेत दिए
ईरान पर ब्रिटेन के गंभीर आरोप पर अब्बास अराग़ची ने जवाब दिया
रूस ने एक बार फिर यूक्रेन पर बड़ा हमला किया
