ईरान ने अमेरिका से युद्ध खत्म करने के लिए पाकिस्तान को भेजा शांति प्रस्ताव

ईरान ने अमेरिका से युद्ध खत्म करने के लिए पाकिस्तान को भेजा शांति प्रस्ताव 

मंगलवार, 7 अप्रैल, 2026 

बीबीसी मॉनिटरिंग के मुआबिक, ईरान ने पाकिस्तान को एक शांति प्रस्ताव दिया है, जिसका मक़सद अमेरिका के साथ चल रहे युद्ध का 'हमेशा के लिए अंत' करना है। यह जानकारी सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने सोमवार को दी। 

आईआरएनए ने बताया कि अमेरिका की ओर से आए प्रस्ताव पर ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने जवाब पहुंचाया है। ईरान की लीडरशिप ने क़रीब दो हफ़्तों तक गहन समीक्षा की, इसके बाद अपना जवाब भेजा है। 

ईरान की ओर से जवाब तब भेजा गया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को मंगलवार तक की डेडलाइन दी है। ट्रंप ने धमकी दी है कि स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ नहीं खुला तो वो ईरान के पावर प्लांट्स और पुलों को निशाना बनाया जाएगा। 

6 अप्रैल, 2026 को ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने पुष्टि करते हुए बताया कि संदेशों का आदान-प्रदान मध्यस्थों के ज़रिए हुआ है।  लेकिन उन्होंने कहा कि तेहरान ने अमेरिका की "15 बिंदुओं वाली योजना" को ठुकरा दिया है। 

आईआरएनए ने बताया कि ईरान के दस पैराग्राफ़ वाले जवाब में युद्धविराम के विचार को "पिछले अनुभवों" का हवाला देते हुए ख़ारिज किया गया। इसके बजाय ईरान ने अपने शर्तों पर स्थायी समाधान की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। 

एजेंसी के अनुसार, तेहरान के दस्तावेज़ में कई मांगें शामिल हैं- जैसे क्षेत्रीय संघर्षों का अंत, होर्मुज़ स्ट्रेट से सुरक्षित आवाजाही का समझौता, पुनर्निर्माण करना और प्रतिबंधों को हटाना।